उत्तराखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने ‘सेवा पखवाड़े’ के तहत ब्लॉक स्तर पर बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि ऋषिकेश के आईडीपीएल में आयोजित पहले स्वास्थ्य शिविर में 20 हजार से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार का लाभ उठाया। इसके बाद चकराता ब्लॉक में भी सफलतापूर्वक शिविर आयोजित किया गया, जिसे स्थानीय लोगों का अच्छा सहयोग मिला।
उन्होंने बताया कि अब प्रदेश के विभिन्न ब्लॉकों में 13 अतिरिक्त स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभाग भी अपनी सेवाएं देंगे, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर कई प्रकार की सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा छह विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें विशेषज्ञ डॉक्टर तीन दिनों तक मरीजों की जांच, परामर्श और उपचार करेंगे, जिससे गंभीर मरीजों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
सीएमओ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को उसके क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। यह अभियान स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का भी माध्यम बनेगा।