रुड़की पुलिस ने एक बार फिर सक्रियता दिखाते हुए वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस टीम ने पनियाला तिराहे के पास से अयान और अजय को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक एक्टिवा स्कूटी और 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें से कुछ वाहन पहले से दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए हैं, जबकि बाकी की जांच जारी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी के वाहनों को मॉडिफाई कर उनकी पहचान बदल देते थे और बाद में उन्हें बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।