नैनीताल के प्रसिद्ध घोड़ाखाल मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष हवन और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नेत्री और राज्यमंत्री भावना मेहरा ने किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घ जीवन के साथ-साथ देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
भावना मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब कल्याण अन्न योजना से 80 करोड़ लोगों को लाभ मिल रहा है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों लोगों को पक्के घर मिले हैं।
उन्होंने आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और देश में तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन, नए एयरपोर्ट और हाईवे नेटवर्क देश की प्रगति के प्रतीक हैं।
मेहरा ने कहा कि उत्तराखंड में भी विकास को नई दिशा मिली है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।