रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊर्जा विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विजिलेंस और उपखंड मंगलौर की संयुक्त टीम ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 20 घरों में बिजली चोरी का खुलासा किया है।
जानकारी के अनुसार सीमलोनी, खोखरा कुआं, गाढ़ा कॉलोनी और पठानपुरा क्षेत्रों में की गई जांच के दौरान कई घरों में सीधे बिजली के पोल से अवैध कनेक्शन लेकर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। विभागीय टीम के पहुंचते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोगों ने तत्काल अपने अवैध तार हटाने की कोशिश की।
अधिकारियों ने बताया कि चोरी की बिजली से एसी और हीटर जैसे उपकरण चलाए जा रहे थे, जिससे बिजली व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था। विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीओ अनुभव सैनी ने कहा कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।