सुबोध राकेश ने जन्मदिन पर किया जनसेवा का संकल्प, बुग्गावाला में लगाया निशुल्क चिकित्सा शिविर

रुड़की: भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री सुबोध राकेश ने अपने जन्मदिन के अवसर पर बुग्गावाला क्षेत्र में जनसेवा से जुड़े कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। निशुल्क चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर और दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और इसका लाभ उठाया।

चिकित्सा शिविर में लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आंखों की मुफ्त जांच भी की गई। डॉक्टरों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी और जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। इस पहल से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ मिला।

कार्यक्रम के दौरान 74 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर भेंट की गई। लाभार्थियों ने इस सहयोग के लिए सुबोध राकेश का आभार व्यक्त किया। वहीं रक्तदान शिविर में कई युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में सुबोध राकेश लंबे समय से सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों के जरिए लोगों के बीच सक्रिय हैं। राजनीतिक हलकों में भी उनकी लगातार बढ़ती सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है।

इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने सुबोध राकेश को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *