देहरादून: भाजपा द्वारा मनाए जा रहे ‘काला दिवस’ को लेकर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान के नाम पर केवल राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में लगाया गया आपातकाल देश की तत्कालीन परिस्थितियों के अनुसार संवैधानिक व्यवस्था के तहत लागू किया गया था। उस ऐतिहासिक निर्णय को आज राजनीतिक हथियार बनाना उचित नहीं कहा जा सकता।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान की रक्षा का दावा करती है, लेकिन व्यवहार में उसके कई कदम संविधान की मूल भावना से मेल नहीं खाते। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान केवल भाषणों से नहीं, बल्कि कार्यों से साबित होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा लगातार जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब देश की जनता पहले की तुलना में अधिक जागरूक हो चुकी है और राजनीतिक प्रचार से प्रभावित होने वाली नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय हमेशा जनता का ही होता है।