रुड़की: कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इकबालपुर में निशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सर्वसमाज सेवा ट्रस्ट के माध्यम से श्री महंत इन्द्रेश हॉस्पिटल, देहरादून के सहयोग से आयोजित हुआ।
शिविर में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. निशांत ने आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से मरीजों की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव दिए। बड़ी संख्या में महिलाओं सहित कई लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया।
डॉ. निशांत ने कहा कि कैंसर का समय पर निदान मरीज की जान बचा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर की नियमित स्क्रीनिंग और जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि शुरुआती पहचान इलाज को आसान और सफल बनाती है।
सर्वसमाज सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष आदिल फरीदी ने आयोजन में सहयोग देने वाले डॉक्टरों और श्री महंत इन्द्रेश हॉस्पिटल के प्रबंधन का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनहित में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।