देहरादून: उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के मुताबिक, 21 जून को आरोपी ने इंस्टाग्राम अकाउंट “Jaspreet-devil” से एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें 25 जून को राज्य के सभी थानों में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। पोस्ट वायरल होने के बाद लोगों में डर का माहौल बन गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
कोतवाली नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। साइबर टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट की जांच, आईपी ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपी की पहचान की। इसके बाद उसे 28 जून को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह निवासी अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि कर्णप्रयाग में निहंग सिखों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में उसने गुस्से में आकर धमकी भरी पोस्ट की थी। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
देहरादून पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की धमकी, अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।