देहरादून: चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड परिवहन विभाग ने मानसून शुरू होते ही अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। विभाग का कहना है कि अब तक यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित रही है तथा दुर्घटनाओं में पहले की तुलना में काफी कमी आई है।
आरटीओ संदीप सैनी ने जानकारी दी कि इस वर्ष यात्रा के लिए 35,800 से अधिक ग्रीन कार्ड जारी किए गए हैं। इसके साथ ही ट्रिप कार्ड जारी करने का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गों पर तैनात प्रवर्तन टीमें लगातार वाहनों की निगरानी कर रही हैं।
मानसून के दौरान पहाड़ी मार्गों पर फिसलन और खराब मौसम के कारण जोखिम बढ़ जाता है। इसे देखते हुए परिवहन विभाग ने सभी बस, टैक्सी और ट्रक यूनियनों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
वाहन चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा से पहले टायर, ब्रेक, वाइपर और सभी आवश्यक लाइटों की जांच अवश्य करें। साथ ही क्षमता से अधिक सवारी या सामान न ले जाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ प्रशासन ने बताया कि मानसून के दौरान सभी जिलों में प्रवर्तन टीमें नियमित जांच अभियान चलाएंगी। सुबह के समय विशेष चेकिंग की जाएगी ताकि तकनीकी रूप से सुरक्षित वाहन ही चारधाम यात्रा मार्गों पर संचालित हो सकें। विभाग का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।