देहरादून: मानसून के दस्तक देते ही देहरादून जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि जिले में संभावित भूस्खलन, जलभराव और सड़क अवरोध जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भूस्खलन की आशंका अधिक है, वहां पहले से जेसीबी मशीनें और राहत दल तैनात कर दिए गए हैं ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बारिश के दौरान शहर में जलभराव की समस्या कम करने के लिए नालों की सफाई का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, अधिकांश नालों की सफाई के साथ ही प्रमुख चोकिंग पॉइंट्स को भी साफ कराया गया है, जिससे पानी की निकासी बेहतर हो सके।
डीएम ने बताया कि प्रेमनगर का नया पुल तैयार है और जल्द ही आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, गर्भवती महिलाओं, विशेषकर हाई-रिस्क मामलों की निगरानी और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन लगातार समीक्षा कर आवश्यक कदम उठा रहा है।