मसूरी मारपीट केस: वायरल वीडियो के बाद फिर गरमाया मामला, व्यापारियों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

मसूरी के मॉल रोड पर हुई मारपीट की घटना को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लवली ऑमलेट सेंटर के समीप पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हुआ था। कुछ ही मिनटों में यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। वीडियो में कुछ पर्यटक स्थानीय दंपति और उनके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि एक भारी प्लास्टिक ट्रे से हमला किए जाने के कारण एक महिला बेहोश हो गई, जबकि अन्य लोग भी घायल हुए।

बताया जा रहा है कि घटना में शामिल पर्यटक हरियाणा से मसूरी आए थे। पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई की, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि गंभीर आरोपों के बावजूद केवल हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को छोड़ दिया गया। इसी वजह से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश रावत और व्यापारी पियूष गोयल सहित कई लोगों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पर्यटन स्थलों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि इस तरह की घटनाओं में समय रहते प्रभावी कानूनी कदम नहीं उठाए गए तो इससे मसूरी की पर्यटन छवि भी प्रभावित हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की दोबारा समीक्षा कर उचित धाराओं में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *