रुड़की के पनियाला चंदापुर में उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी ने संगठन विस्तार पर जोर दिया और कई लोगों को सदस्यता दिलाई गई।
यूकेडी के जिलाध्यक्ष दीपक लाखवान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजगार की है। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन सरकार की नीतियों का अपेक्षित लाभ उन्हें नहीं मिल रहा।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को जनता के जीवन से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए। लाखवान ने आरोप लगाया कि वर्तमान राजनीति में विकास और रोजगार जैसे विषय पीछे छूटते जा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर हमला बोलते हुए कहा कि समाज को धार्मिक आधार पर बांटने की राजनीति लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। उन्होंने लोगों से जागरूक होकर विकास के मुद्दों पर विचार करने की अपील की।
सभा के समापन पर दीपक लाखवान ने चुनाव प्रणाली में बदलाव की मांग दोहराते हुए कहा कि बैलेट पेपर से मतदान कराए जाने पर जनता का विश्वास और मजबूत होगा।