देहरादून: उत्तराखंड में आगामी चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी का उद्देश्य बूथ स्तर तक मजबूत संगठन तैयार करना, युवाओं को जोड़ना और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधे पहुंच बनाना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव के समय पार्टी अलग चुनावी टीम और प्रदेश चुनाव संचालन समिति का गठन करती है। प्रत्येक विधानसभा में संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त किए जाते हैं, ताकि चुनावी प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि संगठन का पूरा ध्यान बूथ प्रबंधन पर है। प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार की जा रही है, जिससे चुनाव के दौरान संगठन पूरी क्षमता के साथ कार्य कर सके।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा लगातार संपर्क अभियान चला रही है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद स्थापित कर संगठन की जमीनी पकड़ को और मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और प्रभावी बूथ प्रबंधन के दम पर भाजपा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। इसी लक्ष्य को लेकर प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियां लगातार जारी हैं।