चारधाम यात्रा मार्ग पर सख्ती जारी, आरटीओ ने 12 हजार से अधिक वाहनों पर की कार्रवाई

देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग लगातार विशेष अभियान चला रहा है। इसी अभियान के तहत नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए 12 हजार से अधिक चालान किए गए हैं, जबकि 51 वाहनों को सीज किया गया है।

आरटीओ प्रशासन के अनुसार, यात्रा मार्ग पर परिवहन टास्क फोर्स की टीमें लगातार सक्रिय हैं। नौ प्रमुख यात्रा मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और छह चेकपोस्टों पर वाहनों के ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।

विशेष जांच अभियान के दौरान करीब 3,500 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 1,000 उत्तराखंड और 2,500 अन्य राज्यों के वाहन शामिल थे। नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 51 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

वहीं, यात्रा मार्ग पर तैनात एनफोर्समेंट स्क्वॉड ने अलग से अभियान चलाते हुए 9,000 से अधिक वाहनों के चालान किए। इनमें अधिकांश मामले तेज रफ्तार, दस्तावेजों की कमी और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े थे। विभाग ने कहा कि यह अभियान यात्रा समाप्त होने तक जारी रहेगा।

आरटीओ प्रशासन का मानना है कि सख्त प्रवर्तन से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। विभाग ने सभी यात्रियों और वाहन चालकों से सुरक्षित यात्रा के लिए निर्धारित नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *