टनकपुर मार्ग से लगातार दूसरे वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा, चम्पावत को मिलेगा धार्मिक पर्यटन का बड़ा लाभ…

टनकपुर : उत्तराखंड सरकार के प्रयासों से लगातार दूसरे वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा टनकपुर मार्ग से संचालित की जा रही है। शनिवार को यात्रा का पहला 51 सदस्यीय दल टनकपुर पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

रविवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शारदा पर्यटक आवास गृह में पूजा-अर्चना के बाद पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पहले दल में देश के विभिन्न राज्यों से आए 51 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 36 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। यात्रा दल के साथ चिकित्सकीय सुविधा के लिए एक डॉक्टर भी मौजूद हैं।

केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि सीमांत क्षेत्रों के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
टनकपुर मार्ग से यात्रा संचालित होने से चम्पावत जिले में होटल व्यवसाय, परिवहन, स्थानीय बाजार और पर्यटन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिला है। इससे सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। सरकार का उद्देश्य इस धार्मिक मार्ग को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *