रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र के पनियाला चंदापुर गांव में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान बिजली विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। घटना के बाद दोनों पक्ष गंग नहर कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग गांव में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए अभियान चला रहा था। इसी दौरान एक उपभोक्ता के घर पहुंची टीम ने बकाया बिजली बिल का हवाला देते हुए कनेक्शन काट दिया। विभाग का दावा है कि संबंधित उपभोक्ता पर करीब 11 हजार रुपये का बकाया था।
घर की युवती ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उसके परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे विवाद बढ़ गया।
दूसरी ओर, बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली और विभागीय कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया।
बिजली विभाग की ओर से एसडीओ पंकज गौतम ने पुलिस को शिकायत दी है। वहीं, युवती ने भी विभागीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।