उत्तरकाशी में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी, नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी समेत पांच स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। इससे चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां लगातार जेसीबी और मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही मार्गों को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले मौसम और सड़कों की स्थिति की आधिकारिक जानकारी अवश्य प्राप्त करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।