2027 चुनाव से पहले जन निर्माण पार्टी को मिली मजबूती, कई नेताओं ने थामा दामन

रुड़की: रुड़की में जन निर्माण पार्टी द्वारा आयोजित संगठन विस्तार कार्यक्रम में कई राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। पार्टी में शामिल होने वाले कई नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव जन निर्माण पार्टी के टिकट पर लड़ने की इच्छा जाहिर की।

कार्यक्रम में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग पार्टी से जुड़ने के लिए आगे आ रहे हैं। नए सदस्यों का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया।

पार्टी अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि जन निर्माण पार्टी का मकसद साफ राजनीति और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और पार्टी उसी उम्मीद को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि आने वाले समय में प्रदेशभर में सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे। पार्टी की पूरी टीम 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटेगी और जनता के बीच अपने मुद्दों को लेकर जाएगी।

खानपुर विधायक उमेश कुमार ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि अलग-अलग दलों के नेताओं का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि लोग जन निर्माण पार्टी की नीतियों पर भरोसा जता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *