रुड़की में कांग्रेस का प्रदर्शन, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरा

रुड़की: उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने रुड़की के लंढौरा में कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और सरकार से युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

मंगलौर अड्डे से शुरू हुआ यह मार्च डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण विरोध जताया और सरकार से पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवा रोजगार पाने के लिए कठिन मेहनत करते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से उनका विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में विफल रही है।

उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा प्रणाली पारदर्शी नहीं होगी तो युवाओं का भविष्य लगातार प्रभावित होता रहेगा। पंवार ने मांग की कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *