प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रीपाल राणा ने गिनाईं प्राथमिकताएं, क्षेत्र के विकास का किया वादा

नानकमत्ता: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। भाजपा भी अपने संगठन और संभावित उम्मीदवारों के माध्यम से जनता के बीच पहुंच मजबूत करने में लगी है। इसी क्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा ने नानकमत्ता में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लगातार उनके संपर्क में है और विकास के मुद्दों पर उनसे उम्मीदें रखती है। उनका प्रयास है कि लोगों की हर छोटी-बड़ी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाए।

श्रीपाल राणा ने आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक क्षेत्र के विकास को लेकर अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति खराब है और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी अब भी बनी हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ प्रदेश के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में फिर सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें विधानसभा भेजती है तो विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *