फूलों की घाटी में इस बार रिकॉर्ड भीड़, 20 अगस्त तक रहने की जगह मिलना मुश्किल

उत्तराखंड की खूबसूरत भ्यूंडार घाटी में स्थित वैली ऑफ फ्लावर्स इस समय अपने चरम पर्यटन सीजन में है। हर दिन हजारों की संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और दुर्लभ हिमालयी फूल लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।

राष्ट्रीय उद्यान प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित किया है। दस्तावेजों की जांच और परमिट वितरण की प्रक्रिया तेज होने से पर्यटकों को बिना किसी परेशानी के प्रवेश मिल रहा है।

घाटी के भीतर लगाए गए प्लांट आइडेंटिफिकेशन बोर्ड पर्यटकों के लिए ज्ञानवर्धक साबित हो रहे हैं। इन बोर्डों के जरिए विभिन्न फूलों और पौधों की वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे घाटी केवल पर्यटन स्थल ही नहीं बल्कि एक प्राकृतिक अध्ययन केंद्र भी बन गई है।

पार्क प्रशासन ने घाटी के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण व्यक्तियों की जानकारी भी प्रदर्शित की है। विदेशी पर्यटक इन सूचना बोर्डों के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आ रहे हैं।

ईको विकास समिति के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि रिकॉर्ड पर्यटक आगमन के कारण घांघरिया के अधिकांश होटल और लॉज 20 अगस्त तक बुक हो चुके हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा फायदा मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *