थराली (चमोली): चमोली जिले के लेटाल गांव की गर्भवती महिला सरिता देवी की एम्बुलेंस में जच्चा-बच्चा सहित हुई मौत के मामले में परिजनों का आक्रोश बढ़ गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शुक्रवार को मृतका के पति नरेंद्र कुमार, उनके दो बच्चे, परिजन और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) थराली के बाहर धरने पर बैठ गए।
धरने पर बैठे परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अब तक मामले की प्रभावी जांच नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
मृतका के पति नरेंद्र कुमार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जांच शुरू नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे।
धरने में धारपट्टी संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रमोद सिंह, हरीनगर लेटाल की प्रधान चमेली देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दयाकृष्ण देवराड़ी, रविंद्र सिंह बिष्ट सहित कई ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।