रुद्रपुर
रुद्रपुर की आदर्श कॉलोनी में पुलिस चौकी के सामने एक ऑटोमेटिक पिस्टल मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, थार सवार कुछ युवक हथियार फेंककर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे पिस्टल देखी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पिस्टल नहीं देखी जाती तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।