मसूरी में हनीमून ट्रिप बनी मौत का सफर! गुरुग्राम की इंजीनियर की संदिग्ध मौत…

मसूरी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में एक नवविवाहित महिला की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका गुरुग्राम की सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी, जो अपने पति के साथ घूमने आई थी।

पुलिस के अनुसार, दंपती 13 जून को दिल्ली से यात्रा पर निकले थे और 14 जून की देर रात धनोल्टी मार्ग के टिपरीधार स्थित एक होमस्टे में रुके। सोमवार सुबह महिला का शव कमरे में फर्श पर मिला, जबकि उसके मुंह और नाक से खून बह रहा था।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने कमरे की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की। जांच के दौरान बिस्तर पर खून के धब्बे और शराब की खाली बोतलें मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है।

पति से पूछताछ जारी है। उसने बताया कि रात करीब 3:30 बजे दोनों सोए थे, लेकिन सुबह पत्नी अचेत मिली।

मृतका के परिजन आंध्र प्रदेश से रवाना हो चुके हैं, जबकि ससुराल पक्ष भी मसूरी पहुंच गया है। पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम कराने का अनुरोध किया है।

अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *