देहरादून: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में आयोजित 21वीं नेशनल हिमाद्री आइस स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 का दूसरा दिन रोमांचक मुकाबलों और शानदार प्रदर्शन के नाम रहा। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपनी स्केटिंग कला से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है और आइस स्केटिंग जैसे शीतकालीन खेलों में भी राज्य तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने बताया कि हिमाद्री आइस स्केटिंग रिंक देश का पहला आधुनिक आइस स्केटिंग केंद्र है, जहां भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी एशियाई खेलों और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर देश का गौरव बढ़ाएंगे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन कई रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें युवा खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक और आत्मविश्वास का परिचय दिया।