रुड़की में पैकेज्ड रस्क पर सवाल, पैकेट में मृत छिपकली मिलने का दावा

रुड़की: गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी में एक परिवार ने पैकेज्ड रस्क में मृत छिपकली का बच्चा मिलने का दावा किया है। घटना सामने आने के बाद खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।

परिवार का कहना है कि उन्होंने स्थानीय किराना दुकान से रस्क का पैकेट खरीदा था। जब सुबह नाश्ते के समय पैकेट खोला गया तो एक रस्क पर असामान्य निशान दिखाई दिया। जांच करने पर पता चला कि वहां मृत छिपकली का बच्चा मौजूद था।

इसके बाद ग्राहक पैकेट लेकर दुकानदार के पास पहुंचा। दुकानदार ने सप्लायर को सूचना दी, लेकिन कथित तौर पर कोई प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा। घटना की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंची तो यह चर्चा का विषय बन गई।

पीड़ित परिवार ने कहा कि इस तरह की घटनाएं उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। उनका कहना है कि खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग और गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए।

फ़ूड इंस्पेक्टर योगेंद्र पांडे ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने के बाद जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *