ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला को गोली मारने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कोई और नहीं बल्कि महिला का बेटा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के मुताबिक, पशुलोक विस्थापित क्षेत्र के गली नंबर-3, ए ब्लॉक से महिला को गोली लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्राथमिक जांच में पता चला कि सुमित गौड़ (32 वर्ष) और उनकी मां उषा देवी गौड़ (63 वर्ष) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, पीड़िता के बड़े बेटे ने इस मामले में पुलिस को तहरीर सौंपी है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।