देहरादून: पटेलनगर में स्कूटी की टक्कर के बाद हुए विवाद में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी अंकुर वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं, जबकि कुछ गंभीर आरोप अभी तक साक्ष्यों से साबित नहीं हो सके हैं।
पुलिस के मुताबिक, 3 जुलाई की शाम लालपुल के पास स्कूटी की टक्कर में आजाद रावत घायल हो गए थे। इस दौरान स्कूटी चालक अंकुर वाल्मीकि का मोबाइल फोन भी टूट गया। मोबाइल टूटने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि आरोपी ने अपने साथियों को मौके पर बुलाकर आजाद रावत को मंडी ले गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए।
जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी अंकुर वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मामले में धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने साफ किया है कि अब तक की विवेचना में करंट लगाने, गर्म लोहे की रॉड से दागने और पेचकश से चोट पहुंचाने जैसे आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस ने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।