तेज बारिश से ढहे दो मकान, बेटी की शादी का सामान भी मलबे में दबा

रुड़की: हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र में मानसून की पहली तेज बारिश ने दो परिवारों की खुशियों पर पानी फेर दिया। खेड़ी शिकोहपुर गांव में लगातार हुई बारिश के कारण दो कच्चे मकान अचानक ढह गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

पीड़ित शमीम अंसारी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी कुछ महीनों बाद होनी थी। शादी के लिए बड़ी मेहनत से जुटाया गया सामान मकान के मलबे में दबकर पूरी तरह खराब हो गया। वहीं रफी कुरैशी का भी घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उनका परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।

गांव के लोगों के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण कई कच्चे मकान खतरे की स्थिति में हैं। जलभराव और खराब मौसम ने ग्रामीणों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत शिविर और आर्थिक सहायता की मांग की है।

स्थानीय लोगों की सतर्कता से हादसे के समय दोनों परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि यदि पड़ोसी समय पर मदद के लिए नहीं पहुंचते तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम भगवानपुर ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिया है। प्रशासन का कहना है कि नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *