रुड़की: बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। स्मार्ट मीटर, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज जैसी समस्याओं को लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के लोग लगातार बिजली संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद लोगों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल को कार्यालय परिसर में तैनात करना पड़ा। कुछ देर तक माहौल काफी गर्म रहा, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई।
अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि समय सीमा के भीतर सुधार नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।