देहरादून: शहर में बंदरों के आतंक को कम करने के लिए देहरादून नगर निगम की ओर से चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार असर दिखा रहा है। निगम अधिकारियों का दावा है कि अभियान की शुरुआत के बाद बंदरों से जुड़ी शिकायतों में लगभग 90 प्रतिशत तक की कमी आई है। इससे प्रभावित इलाकों के लोगों को काफी राहत मिली है।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम की टीम नियमित अंतराल पर बंदर प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चलाती है। बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगलों में छोड़ा जाता है, जिससे उन्हें किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
नगर निगम की टीम हर महीने दो से तीन बार विभिन्न इलाकों का दौरा करती है। लगातार कई दिनों तक अभियान चलाने के कारण बंदरों की मौजूदगी में कमी आई है और लोगों की शिकायतें भी घटने लगी हैं।
रेलवे स्टेशन, हनुमान चौक और खुरबुड़ा जैसे क्षेत्रों में पहले बंदरों की वजह से आम लोगों को काफी दिक्कतें होती थीं। अब इन इलाकों में हालात पहले से काफी बेहतर बताए जा रहे हैं। पार्षदों की ओर से भी शिकायतों में उल्लेखनीय कमी आई है।
नगर निगम ने कहा कि शहर में जहां भी बंदरों की गतिविधियां बढ़ेंगी, वहां तुरंत विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों का लक्ष्य शहरवासियों को सुरक्षित और परेशानी मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।