देहरादून में बारिश से निपटने की तैयारी पूरी, नगर निगम ने बढ़ाई निगरानी

देहरादून: मानसून की तेज बारिश के बीच देहरादून नगर निगम ने शहर में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर निगम का दावा है कि प्रमुख नालों की सफाई लगभग पूरी हो चुकी है और शेष कार्य भी जल्द समाप्त कर लिया जाएगा।

नगर आयुक्त डॉ. आलोक कुमार पांडे ने बताया कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए अलग-अलग टीमों को तैनात किया गया है।

नगर निगम ने पहले से 12 पंपिंग सेट तैयार रखे हैं और अतिरिक्त 14 पंपिंग सेट की व्यवस्था भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।

कुछ क्षेत्रों में ड्रेनेज नेटवर्क नहीं होने के कारण पानी निकालने में अधिक समय लग सकता है। ऐसे इलाकों में नगर निगम की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहेंगी और आवश्यक कार्रवाई करेंगी।

नगर आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए निगम 24 घंटे सक्रिय है। साथ ही नागरिकों से भी साफ-सफाई बनाए रखने और नालों में कचरा न फेंकने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *