सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुए नैनीताल के श्रद्धालु, सरकार की निःशुल्क यात्रा योजना बनी सहारा

नैनीताल: धार्मिक आस्था को नई ऊर्जा देने वाली उत्तराखंड सरकार की सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के तहत नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालुओं का दल गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी से रवाना हुए इस जत्थे को सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाएं दीं।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की यह योजना समाज के हर वर्ग को धार्मिक स्थलों तक पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि सभी श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को रवाना करेंगे। यात्रा के दौरान एसी ट्रेन, भोजन, आवास और स्थानीय परिवहन की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होगी।

यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आम लोगों की आस्था को नया संबल मिलेगा।

नैनीताल जिले से 14 महिलाओं और 23 पुरुषों सहित कुल 37 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए हैं। कार्यक्रम में कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *