प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें एपिसोड का रविवार को प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के हर वर्ग तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में उन लोगों का उल्लेख करते हैं, जिन्होंने अपने प्रयासों से समाज में बदलाव लाने का कार्य किया है। इससे देशभर के युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को प्रेरणा मिलती है।
रेखा आर्या ने कहा कि कार्यक्रम में खिलाड़ियों की उपलब्धियों, वैज्ञानिकों के योगदान और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सफलता का उल्लेख कर प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत किया है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान हर व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराता है। साथ ही जल संरक्षण के प्रयासों को भी जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास करे तो विकसित भारत का सपना जल्द साकार हो सकता है। यही संदेश ‘मन की बात’ कार्यक्रम लगातार देशवासियों तक पहुंचा रहा है।