नैनीताल: लगातार हो रही बारिश और घने कोहरे के कारण नैनीताल में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी गर्म कपड़ों की खरीदारी करते नजर आ रहे हैं।
बारिश के कारण शहर के फुटपाथ दुकानदारों को कारोबार में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दुकानदारों का कहना है कि लगातार बारिश के चलते ग्राहक कम पहुंच रहे हैं।
हालांकि मौसम में थोड़ी राहत मिलते ही पर्यटक बाजारों और नैनी झील की ओर निकल पड़ते हैं। नौकाविहार के साथ-साथ माल रोड पर भी अच्छी चहल-पहल देखने को मिल रही है।
देर रात हुई बारिश के कारण छह सड़कें बंद हो गई थीं। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखते हुए राहत कार्य शुरू कर दिए हैं और यातायात सामान्य बनाने का प्रयास जारी है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।