रुड़की: आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद रविवार को रुड़की के मंगलौर स्थित अब्दुल कलाम चौक पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
सांसद ने कार्यकर्ताओं से संक्षिप्त मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वह हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा कुछ ही मिनटों का रहा, लेकिन कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मौके पर मौजूद मीडिया ने सांसद से विभिन्न मुद्दों पर प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने बिना बयान दिए अपना कार्यक्रम जारी रखा।
सूत्रों के अनुसार, चंद्रशेखर आज़ाद हरिद्वार में मृतक केतन लाल के परिजनों से मुलाकात करने के लिए उत्तराखंड पहुंचे हैं। इस अवसर पर महक सिंह सहित आज़ाद समाज पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।