रुड़की में मुख्यमंत्री धामी का व्यस्त कार्यक्रम, युवाओं से संवाद के साथ करेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण

रुड़की: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत रुड़की पहुंचे। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना।

मुख्यमंत्री इसके बाद होटल सेंट्रम में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के सुझाव सुनना, उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ना और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है।

दोपहर बाद मुख्यमंत्री एचआरडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *