देहरादून: देहरादून नगर निगम ने शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को नियंत्रित करने और पालतू कुत्तों के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए चलाए गए अभियानों को सफल बताया है। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. अग्रवाल ने कहा कि निगम के प्रयासों से डॉग रजिस्ट्रेशन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च से मई की अवधि में पिछले वर्ष 400 पालतू कुत्तों का पंजीकरण हुआ था। वहीं इस वर्ष इसी अवधि में 1,072 कुत्तों का रजिस्ट्रेशन दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक है।
निगम द्वारा चलाए जा रहे एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) और एंटी रेबीज वैक्सीनेशन (ARV) अभियान के तहत शहर के लगभग 90 प्रतिशत आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण पूरा किया जा चुका है। इससे आवारा कुत्तों की संख्या और रेबीज के खतरे को कम करने में मदद मिली है।
नगर निगम का दावा है कि इन अभियानों का सीधा असर डॉग बाइट के मामलों पर भी पड़ा है। पहले प्रतिदिन 10 से 12 शिकायतें दर्ज होती थीं, जबकि अब यह संख्या घटकर 2 से 3 शिकायतों तक रह गई है।
नगर निगम ने कहा कि आगे भी डॉग रजिस्ट्रेशन, नसबंदी और टीकाकरण अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि देहरादून को सुरक्षित और बेहतर शहर बनाया जा सके।