देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत अप्रैल, मई और जून 2026 की सहायता राशि जारी करते हुए 4 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को कैंप कार्यालय से DBT के माध्यम से राशि जारी की।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि यह योजना कोरोना महामारी के दौरान अनाथ या अभिभावक खो चुके बच्चों की सहायता के उद्देश्य से शुरू की गई थी। सरकार पात्र बच्चों को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है, जिससे उनके पालन-पोषण और शिक्षा में सहयोग मिल सके।
आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 में 4,917 बच्चों को 1.47 करोड़ रुपये, मई में 4,879 लाभार्थियों को 1.46 करोड़ रुपये और जून 2026 में 4,848 लाभार्थियों को 1.45 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी गई। कुल मिलाकर तीन महीनों में 4.39 करोड़ रुपये से अधिक सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए गए।
रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना सामाजिक सुरक्षा की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि पात्र बच्चों को बिना किसी देरी के आर्थिक सहायता मिलती रहे।
उन्होंने बताया कि लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूरी होने, बालिका के विवाह होने या लाभार्थी के रोजगार प्राप्त करने के बाद योजना के नियमों के अनुसार उसका नाम लाभार्थियों की सूची से हटा दिया जाता है।