उत्तराखंड सरकार डेयरी और पशुपालन को ग्रामीण विकास का मजबूत आधार बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। दुग्ध विकास एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विभाग की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं से किसानों की आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में दूध के खरीद मूल्य में 8 से 11 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है। इससे डेयरी व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है।
मंत्री ने कहा कि किसानों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अब एडवांस में डीबीटी के जरिए सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे किसानों को समय पर सहायता मिलने लगी है और भुगतान व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनी है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने भूसे पर 50 प्रतिशत और साइलेज पर 68 प्रतिशत तक सब्सिडी देने की शुरुआत की है। इस फैसले से पशुपालन की लागत कम होगी और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सरकार की डेयरी, पशुपालन, कृषि, हॉर्टिकल्चर और होम-स्टे योजनाएं गांवों में रोजगार बढ़ाने के साथ-साथ राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार कर रही हैं।