देहरादून: उत्तराखंड में युवाओं को नई पहचान दिलाने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रांतीय रक्षक दल द्वारा डिजिटल यूथ फेस्टिवल शुरू किया जा रहा है। युवा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम प्रदेश के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता ही किसी भी राज्य की असली ताकत होती है। इसलिए सरकार लगातार ऐसे मंच तैयार कर रही है, जहां युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और अपने कौशल को बेहतर बना सकें।
उन्होंने कहा कि खेल, पर्यटन, संस्कृति और शारीरिक गतिविधियों से जुड़े क्षेत्रों में उत्तराखंड के युवाओं में अपार क्षमता है। डिजिटल यूथ फेस्टिवल उन्हें अपनी पहचान बनाने और आगे बढ़ने का अवसर देगा।
मंत्री ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर वर्ष आयोजित होने वाले युवा महोत्सव युवाओं में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार करते हैं। इससे समाज में भी उत्साह और सहभागिता का वातावरण बनता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डिजिटल यूथ फेस्टिवल आने वाले समय में उत्तराखंड के युवाओं को राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।