कॉर्बेट में मां से बिछड़ा हाथी का शावक, वन विभाग की टीम कर रही लगातार देखभाल

रामनगर: विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की झिरना रेंज में एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक छोटा हाथी का शावक अपने झुंड से अलग होकर अकेला भटकता मिला। वनकर्मियों ने समय रहते उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

वन विभाग ने पहले पूरे क्षेत्र में हाथियों के झुंड की तलाश की और शावक को उसकी मां से मिलाने की पूरी कोशिश की। हालांकि लंबे प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिली।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि शावक की उम्र लगभग तीन से चार महीने है। उसके शरीर पर कुछ हल्की चोटें हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।

फिलहाल शावक को क्वारंटीन में रखा गया है। वन विभाग के कर्मचारी और पशु चिकित्सक उसकी सेहत, भोजन और व्यवहार पर लगातार नजर रख रहे हैं ताकि उसे किसी तरह की परेशानी न हो।

वन विभाग का कहना है कि यदि भविष्य में उसके प्राकृतिक झुंड का पता चलता है तो उसे वापस जंगल में छोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यदि ऐसा संभव नहीं हुआ, तो वन्यजीव संरक्षण के नियमों के तहत उसे स्थायी रूप से रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *