देहरादून: मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लगातार जारी है। अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अजबपुर कलां क्षेत्र का निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर नोटिस वितरण की प्रक्रिया देखी और बीएलओ से अभियान की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता तक समय पर सूचना पहुंचे और सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में सही जानकारी दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी बीएलओ को चेकलिस्ट और फ्लोचार्ट के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए ताकि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा हो सके।
जिले में अब तक 11 लाख 90 हजार से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड में किसी प्रकार की विसंगति मिली है, उन्हें लगभग 5 लाख 47 हजार नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे वे समय रहते अपने विवरण में सुधार करा सकें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नोटिस मिलने पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय में अपना विवरण सत्यापित कराएं, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।