रामनगर में पर्यटन सीजन के दौरान एनएच-309 पर अचानक शुरू किए गए निर्माण कार्य ने प्रशासन और एनएच विभाग के बीच समन्वय की कमी को उजागर कर दिया है। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग ने प्रशासन को पहले से कोई सूचना नहीं दी।
उन्होंने बताया कि यदि पूर्व में जानकारी मिलती तो ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जा सकती थी। मंगलवार को भी इस मुद्दे पर एनएच अधिकारियों के साथ बैठक की गई थी, जिसमें दिन के समय खुदाई कार्य न करने की सलाह दी गई थी।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान में पर्यटकों का दबाव बहुत अधिक है, इसलिए दिन में निर्माण कार्य से बचना चाहिए। प्रशासन ने अब निर्देश दिए हैं कि यदि कार्य आवश्यक हो तो उसे रात के समय किया जाए, ताकि दिन में यातायात प्रभावित न हो।