संगठन विस्तार के मिशन पर भाजपा, प्रकोष्ठों को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के 22 प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न प्रकोष्ठों की भूमिका को और प्रभावी बनाना तथा संगठन की पहुंच को समाज के हर वर्ग तक विस्तारित करना रहा। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि प्रकोष्ठ पार्टी और समाज के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सक्रियता चुनावी दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी ने अक्टूबर तक के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर होने वाली बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। भाजपा का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर चुनावी तैयारियों को धार देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *