ड्रग फ्री देवभूमि अभियान को मिली बड़ी सफलता, चम्पावत में 253 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

चम्पावत: उत्तराखंड सरकार के ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 253 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके सप्लायर की तलाश जारी है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है।

ऑपरेशन प्रहार के तहत संयुक्त अभियान

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल की निगरानी में कोतवाली टनकपुर और एसओजी की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। मनिहारगोठ क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास संदिग्ध अवस्था में बैठे युवक की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।

आरोपी ने कबूला तस्करी का कारोबार

गिरफ्तार आरोपी तस्लीम मंसूरी ने पूछताछ में बताया कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी हैरी सिंह से स्मैक लाकर चम्पावत क्षेत्र में बेचता था। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी रेखा यादव ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को तत्काल पुलिस के साथ साझा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *