सरोवर नगरी नैनीताल में अचानक हुई तेज बारिश ने पूरे शहर का मौसम बदल दिया। बिजली की कड़क और मूसलाधार बारिश के कारण पर्यटकों की सैर प्रभावित हो गई। नैनी झील में नौकायन का आनंद ले रहे कई पर्यटक बीच बारिश में फंस गए, हालांकि नाव चालकों ने सभी को सुरक्षित किनारे पहुंचा दिया।
बारिश का असर शहर की सड़कों पर भी दिखाई दिया। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई और नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा। पूरे शहर में घना कोहरा छा जाने से दृश्यता कम हो गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट से नैनीताल का मौसम काफी ठंडा और खुशनुमा हो गया। जहां मैदानी क्षेत्रों में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं, वहीं नैनीताल पहुंचे पर्यटकों को एक ओर बारिश से परेशानी हुई तो दूसरी ओर उन्हें गर्मी से राहत भी मिली।