भवाली से शटल सेवा के जरिए होगी आवाजाही, सुरक्षा के लिए कई एजेंसियां तैनात
हल्द्वानी:
नैनीताल पुलिस ने कैंची धाम में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए ट्रैफिक और सुरक्षा को लेकर विशेष प्लान लागू किया गया है।
पुलिस प्रशासन के मुताबिक 13 जून की सुबह से 16 जून की रात तक भारी मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्धारित नियमों के तहत छूट दी जाएगी।
श्रद्धालुओं को सीधे कैंची धाम तक निजी वाहन से जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी वाहनों को भवाली और अन्य निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।
कई एजेंसियां रहेंगी तैनात
मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ CAPF, SSB, ATS, BDS और SDRF की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरे आयोजन की व्यवस्था संचालित होगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें, ताकि सभी को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके।