देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा महिला मोर्चा ने अपने संगठनात्मक अभियान को नई गति दी है। प्रदेशभर में महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए अगले तीन माह का कार्यक्रम तय किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने बताया कि महिला मोर्चा ने सभी जिलों और मंडलों की बैठकों का पहला चरण पूरा कर लिया है। अब संगठनात्मक प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जुलाई के दूसरे पखवाड़े में प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और सफल महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे महिला सशक्तिकरण के साथ संगठन और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा।
अगस्त में महिला जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें बीडीसी, जिला पंचायत और ब्लॉक स्तर की निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। सम्मेलन के माध्यम से विकास योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी।
सितंबर में सभी विधानसभा क्षेत्रों में टिफिन बैठकें आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इन बैठकों में पार्टी की पुरानी और अनुभवी महिला कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि उनका अनुभव नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं तक पहुंच सके और चुनावी तैयारियों को मजबूती मिले।