नैनीताल जिले के भीमताल विकासखंड में आयोजित क्षेत्र पंचायत (BDC) की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में सड़क, पेयजल, शिक्षा और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बताया कि कई गांवों में सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है और बुनियादी सुविधाओं की कमी से ग्रामीणों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठाए गए। जनप्रतिनिधियों ने स्कूलों में शिक्षकों की कमी, जर्जर भवनों और आवश्यक सुविधाओं के अभाव का मुद्दा रखते हुए शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों को स्कूलों की स्थिति में सुधार लाने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जल जीवन मिशन, बिजली के ढीले तार, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई अन्य मामलों पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संबंधित विभागों को सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के समापन पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से काम किया जाएगा। विधायक सरिता आर्य ने अधिकारियों से विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की अपील की।